मातृत्व, अनंत शक्ति है, सर्वशक्तिमान और पूरे ब्रह्मांड के निर्माता है l

मातृत्व, अनंत शक्ति है, सर्वशक्तिमान और पूरे ब्रह्मांड के निर्माता है l

Sunday, August 15, 2010

मेरे विद्यालय मेरा गांव mangaldhanram


कल रात कार्तिक पूर्णिमा का चाँद जब मुझे निहार रहा था, तब मैं अपनी जन्मभूमि गुण्डी ग्राम के 'बताऊ' गड़ेरिया और उनकी पत्नी 'लौकी' की यादरूपी अंजोरिया में विभोर था l
बताऊ दादा और लौकी आजी दोनों ही धन्य थे l दोनों ही हमारी जन्मभूमि में, मानो, दो वेशकीमती अंगूठी के दो अनमोल नग थे l बताऊ दादा केवल अपने ही ग्राम में नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामों में भी आदर के पात्र थे l ये दोनों पति-पत्नी, साधु-सन्तों एवं महात्माओं की सेवा को अपना अहोभाग्य समझते थे l स्वजनों की आवभगत में प्रसन्न रहना उनका स्वभाव था l इस तरह दोनों की जिन्दगी हमारी जन्मभूमि के आदर्शो की किताब थी l दोनों महान थे l जिस व्यक्ति को पूरा ग्राम चाहता है, वह महान है ही l
यही बताऊ दादा थे जिन्होंने एक दिन मुझसे पूछ दिया था इस तरह---
कहीं भगवान बाबा ! रऊआ कौन कमी रहे कि सब घर, परिवार, परिजन आउर प्रान्त छोड़ के चल गइलीं ? ऊ कवन अइसन चीज रहे जवना के सीखे खातिर रऊवा बाहर गइलीं, परदेश गइलीं ? गइल रहली त का सीख के अइलीं ? तनी हमरो के बताईं l हमहूँ जान लीहीं कि ई बात सीखे जोग बा l
कल रात अंजोरिया के अंजोर में वह सब याद पड़ गया कि उस दिन बताऊ दादा को मैंने क्या-क्या कहा था l
मैंने कहा था---
''दादा ! मैं तो आप लोगों की ही सीख का धनी हूँ या मैं अपने ही घर-परिवार की सीखों का अभ्यास करने के लिए अभ्यास-मार्ग पर निकल पड़ा था l दादा ! यह आप कभी न सोचें कि हमारे गाँव-परिवार से बाहर भी किसी सीख की भीख मिलती है l''
पुनः मैंने बताऊ दादा से कहा--
''दादा अब मैं अपनी जन्मभूमि के गाँव, घर, परिवार अथवा आप लोगों की ही दी गई सीख को आपके सामने घर दे रहा हूँ l''
''अच्छा दादा ! तो सुनियो, मैंने किस-किस से क्या-क्या सीखा l मेरे पिता और पितामह तो मेरे सामने नहीं थे, क्योंकि मुझे होश आने तक वे स्वर्गवासी हो चुके थे l प्रपितामह श्री ह्रदय प्रसाद सिह, जीवित थे l मैंने अपने प्रपितामह से सीखी थी--मितव्ययिता, आदर्श आचरण l इस तरह अच्छी से अच्छी शिक्षा योग्य व्यक्तियों से घर पर भी मिल सकती है l उसके लिए पब्लिक स्कूल जाना आवश्यक नहीं है l उनसे मैंने यह भी सीखा था कि किसी से ईर्ष्या, घृणा, द्वेष नहीं करना चाहिये, और किसी का कोई सामान या कोई चीज बगैर माँगे नहीं लेना चाहिये l यह सब मैने प्रपितामह से सीखी थी l अपने परिवार की लौंड़ी से मैने सीखा--विभिन्न प्रकार की धर्म कथाएँ, माता-पिता एवं बन्धु-बान्धव तथा अपने आश्रित पशुओं की भी सेवा और यह भी कि हिंसा नहीं करनी चाहिये l वह कहती थी कि मेढक मारने से कान बहता है l किसी का नमक खाकर उसे धोखा नहीं देना चाहिये l जिसका नमक खायें उसका आदर करना चाहिये, सम्मान करना चाहिये, उसको प्यार करना चाहिये l यह मैने उस लौंड़ी से सीखा l
मैंने अपनी माता से सीखा परोपकार करना चाहिये, सन्त-महात्माओं की सेवा करनी चाहिये, गुरू एवं आचार्य को कुछ दान देना चाहिये, उनका कभी कोई सामान नहीं लेना चाहिये l ब्राह्णाण, साधु, गाय की भी सेवा करनी चाहिये l वृक्ष को नहीं काटना चाहिये l फल-फूल, साग-सब्जी का पौधा समय-काल से लगाना चाहिये l यह करने से पाप का नाश होता है l पुण्य का उदय होता है l भगवती-भगवान के लिए समर्पित भावना रखनी चाहिये l अपने नौकर-चाकर, कर्मचारियों को कभी 'रे, कहकर नहीं बुलाना चाहिये l आदर से बुलाना चाहिए, 'प्यारे-बन्धु' कहकर बुलाना चाहिये l यह मैने अपनी माता से सीखा l
हमारी जन्मभूमि पर एक मकुनी साव रहते थे l उस बूढ़े मकुनी साव से मैने सीखा कि किसी के कारज-परोजन की कमी-बेसी में हाथ बंटाना चाहिये l किसी की आवश्यकता के समय पर, मेहमान या रिश्तेदार आ जाने पर यदि मदद की आवश्यकता हो तो मदद करनी चाहिये l
गाँव के मेहमान को अपना मेहमान समझना चाहिये l वे चाहते थे कि कोई ग्राहक परिस्थितिवश भूखा न रहे l आज नहीं पैसा है उसके पास तो कल दे देगा l उसको सामान दे देना चाहिये l बाढ़ या विपत्ति आ जाने पर गाँवों में प्रायः यह समस्या खड़ी हो जाया करती थी l मैने मकुनी साव से यह सीखा था l और यह भी सीखाथा कि चाहे लोग बड़े जमींदार हों, मध्यम वर्ग के हों या छोटी स्थिति के हों, उनकी दयनीय अवस्था का लाभ नही उठाना चाहिये l इसे वे अपने बच्चों को भी बताया करते थे l मै उनसे बहुत प्रभावित रहता था-बचपन में l
जब मैं अपने ग्राम में मोदियाइन, मनु की पत्नी, चूल्हन की माँ के पास जाता था तो मोदियाइन बबुआ-बबुआ कहकर गोदी में उठा लेती थी और अपनी गुडुवा मिठाई देकर इतना प्यार करती मानों मैं उन्ही का वेटा था l उस गाँव के सभी मुहल्लों के बच्चों की प्यारी, उदारचरिता, आदरणीया मोदियाइन की मुझे बहुत याद आती है l वह अनेक धार्मिक कथाओं द्वारा हम सब में भगवान के प्रति आदर पैदा करती थी l धन्य हैं चूल्हन की माँ, जिनकी मुझे अभी भी बहुत याद आती है l यह मैने आप ही से सीखा कि बाढ़-बूढ़े में कैसे या किस प्रकार लोगों की मदद करनी चाहिये l जिनका नुकसान होता था वे लोग उनके पास आते और वे बगैर कुछ परवाह किये दुकान में जो कुछ होता उससे वे अवश्य कुछ न कुछ मदद करती l मैने मोदियाइन से हार्दिकता और सौहार्द सीखी थी l
अपने समकालीन मित्रों से मैने सीखा-शालीनता, सुहृदयता, निर्भीकता और यह कि किसी की किसी चीज का नुकसान नहीं करना चाहिये, सभी बड़े-बूढ़ों बुजुर्गो का आदर करना चाहिये, चाहे वे किसी भी जाति के हों l यह मैने अपने बाल-मित्रों से सीखा l
मैंने अपने वैष्णव गुरू श्रीकान्त जी से सीखा---ईश्वर-प्रेम l सभी प्राणियों में ईश्वर का प्रतिबिम्ब देखना और यह कि भगवान-भगवतीका कृपा-पात्र बनने के लिए, देव-दर्शन करने के लिए, अपने बड़े-बुढ़ों का आदर करना चाहिये , देवालयों में जाना चाहिये, सद-ग्रन्थों को सुनना चाहिए l मैंने वैष्णव गुरू श्रीकान्त जी से यह सीखा l
परमहंस जी से मैंने सीखा कि मेरे जीवन मे सुधार और अनुशासन की आवश्यकता है l यह भी सीखा कि सिर्फ किसी की कोरी नकल नही करना चाहिये l बहुत बड़ी-बड़ी दर्शन की बातों पर नहीं बोलना चाहिये l बहुत बड़े-बड़े वक्तव्य नहीं देने चाहिये l अपना आत्म-प्रदर्शन ऐसा नहीं करना चाहिये कि मैं बहुत अनुशासन बद्ध या दयालु व्यक्ति हूँ l आत्म प्रदर्शन कभी नहीं करना चाहिये l तार्किकता से बचना चाहिये और ईश्वर मे अनुरक्त रहना चाहिये l ध्यान-धारणा द्वारा सभी का आदर करना चाहिये l
मैंने अपने पशु चराने वाले चरवाहे से यह सीखा कि पशु मानव से भी ज्यादा उपयोगी हैं l पशु में जितने गुण हैं, उतनी सदाचारिता आज मनुष्य में भी नहीं है l गाय दूध देती है, गोबर देती है, अपने पुत्रों को सौंप देती है--अपनी सेवा करने वाले के हाथ में, जिससे कि वह हल, गाड़ी आदि किसी में उसको जोत सके l उसके एवज में गऊ हमसे उदर भर खाना छोड़कर और कोई पारितोषिक अथवा पारिश्रमिक नहीं चाहती l इसी तरह से सज्जन मनुष्य का भी गुण होता है l सो मुझे इन्हीं गुणों की आवश्यकता समझ में आ रही है l और मैंने अपने उस चरवाहे से यह भी सीखा कि सब्र, सन्तोष, धैर्य और नम्रता कितनी आवश्यक है l अपने कर्तव्य के प्रति उत्साहित होना चाहिये, यह भी मैने अपने उस चरवाहे से सीखा l
आजी से मैने सीखा----''मनुष्यों से अधिक से अधिक प्रेम और सौहार्द बनाये रखना चाहिये, जितना ज्यादा से ज्यादा हो, मित्र बनाना चाहिये l कभी भूलकर भी दुश्मन नहीं बनाना चाहिये l जितने अधिक मित्र होंगे और जितने दूर-दराज तक होंगे वहाँ तक तुम्हारी व्यापकता होगी l मित्र के दुःखऔर वेदना में सदैव अपनापन छोड़कर, सहयोग, मदद करनी चाहिये l सुख में तो कहना ही नही है l मैत्री बहुत ही महान धन और गुण है, इसे किसी तुलापर नही तौला जा सकता है और नम्र रहना चाहिये, छोटे-बड़े सभी का आदर करना चाहिये l विशेषकर छोटों का बहुत आदर करना चाहिये l जब तुम सबके अनुकूल हो जाओगे तब तुममे लोग ईश्वरीय गुणों का भरमार देखेगें, जो किसी भी तुला पर नही तौला जा सकता l मित्र बनाओ, मित्र खुब बनाओ और दुश्मन भूलकर भी नहीं l सभी जातियो में मित्र बनाओ, सभी मजहब के लोगों को मित्र बनाओ l इससे सुख से सोओगे, सुख से जागोगे और सुख से पृथ्वी पर घूमोगे l जब हिंसा नही करोगे तो पशु भी तुमसे मैत्री करेगे l ईश्वर में आस्था एव विश्वास करना l ईश्वर को एकान्त में ढूंढ़ना l भीड़ से ज्यादा अच्छा होगा एकान्त में उससे मिलना l वह एकान्त में मिलता ही है l भीड़ में तो औरों से मिलता होगा तो तुमसे मिलने में संकोच करेगा l'' क्या एकान्त ही ईश्वर है, आजी ? ''एकान्त ईश्वर नहीं बल्कि एकान्त में ईश्वर है l एकान्त में एकाग्रता तो मिलेगी ही, शांति भी मिलेगी l हाँ बाबू ! एकान्त में एकाग्रता तो मिलेगी ही, जो मनुष्य जीवन में अत्यंत सुखदायी भी होती है l इतना जीवन में अवश्य करना कि दूसरे की वस्तु कभी न छूना, उसकी ईच्छा भी न करना, जब वह दे l तभी लेना l और अगर वह उसकी जरूरत की चीज हो तो उस वस्तु को कभी मांगने का प्रयत्न न करना l जो मैंने कहा है यदि वह तुममें आयेगा, बाबू ! तो तुम संतुष्ट रहोगे, शांत रहोगे, तृप्त रहोगे और बहुत आनन्द उठाओगे l'' ये सब बातें मैने अपने बुढिया आजी से सीखी l
मैने अपने शिव भक्त नाना से सीखा कि ''राष्ट्र बदलेगा, समाज बदलेगा, राजा बदलेगा और शासक बदलेगा l सबमें परिवर्तनशीलता है, सबमें घट-बढ़ होती रहती है, पर ईश्वर में घट-बढ़ नहीं होती है l बाबू ! महापुरूषों की व्यापकता में भी घट-बढ़ नहीं होती, सन्त और शिवभक्तों में भी घट-बढ़ नहीं होती l वे सदैव सम, संतुष्ट एवं एकरस बने रहते है l समाज में, समाज की प्रथाओं में घट-बढ़ होती रहती है l ये सब परिवर्तनशील हैं l राष्ट्र में भी घट-बढ़ होती है---कभी छोटा बनता है, कभी बड़ा बनता है l कभी सिकुड़ जाता है, कभी फैल जाता है l ऐसा क्यों, नाना ? ' राष्ट्र शासक की सकीर्णता से संकुचित होता है और उसकी उदारता से विकसित होता है l यह शासक की मनोदशा पर निर्भर करता है बाबू ! शासक भी परिवर्तनशील है, बाबू ! संत, महात्मा और महापुरूष का स्थान राजा, महाराजा और धनवान कभी नहीं पाता है, बाबू ! पृथ्वी पर संत, महापुरूष, महात्मा का जो स्थान है, वह स्थान कभी कोई कितना बड़ा विद्वान हो, साहित्यकार हो, लेखक हो, राजा हो, शासक हो या सेठ-साहुकार हो, यहाँ तक कि यदि उसमें हिमालय को उठाने की और समुद्र को सोखने की क्षमता हो, पर जैसे वह अपनी जननेन्द्रियों पर काबू नहीं पा लेता तो उसी प्रकार संत, महापुरूष और महात्मा का जो स्थान है इस पृथ्वी पर, वह उसे नहीं मिलता l इसलिए संत, महापुरूष और महात्मा को जहाँ भी देखना प्रणाम करना, विनय करना और उनसे सद्गुण सीखना, इसे अपना परम कर्तव्य समझना l
दंभी, लंपट, वाचाल, बातूनी और लच्छेदार भाषण देने वाले अपनी इन्द्रियों के सामने झुक जाते है l इसलिए इनमें श्रद्धा हो या न हो, इनसे घबराना नहीं l संत महात्मा इन्हें न कभी देखना चाहते हैं और न तो कोशिश ही करते है कि वे कभी इनकी तरफ देखें l जनश्रुतियों में सदैव संत-महात्मा बने हुए हैं, बने रहेंगे l राजा-महाराजा और धनवान तो जन-श्रुतियों से भी विलुप्त हो जाते हैं l
तीन गुण तीन सिद्धि तृण सम त्यागी l
सो जानो वह परम विरागी ll
इन महापुरूषों की सेवा से तुम्हें सब कुछ मिल जायेगा l राजा, शासक और धनवान व्यापारियों की सेवा से तुम्हें शासक को मोहर लगी मुद्रा छोड़कर न प्यार मिलेगा, न शांति मिलेगी और न सुख ही मिलेगा l हाँ, उदर भर सकते हो जिसे कि आकाश में निर्भय और निर्द्वन्द्ध विचरती हुई पक्षियाँ बिना सेठ-साहुकारों की चाकरी किये ही पाने में सक्षम हैं l जंगली पशुओं को कौन देता है ? पक्षियों को कौन देता है ? ईश्वर जो स्वयं आहार बनकर सभी प्राणियों को भोजन देते हैं, हमें उस ईश्वर का कृतज्ञ होना चाहिये, ईश्वर-स्मरण करना चाहिये l संत-महापुरूषों का संग और सत्संग करना चाहिये l ईश्वर की ही आत्मा संत-महापुरूषों और महात्माओं में होती है l'' यह मैने अपने शिवभक्त नाना से सीखा l
यह मैने अपनी बूआ से सीखा कि अपने रिश्तेदारों, दायाद, गोतिया और सगे-सम्बन्धियों से अच्छा व्यवहार बनाके रखना चाहिये l कम से कम चार पुश्त तक, अगर हो सके तो सात पुश्तों तक सम्बन्ध बनाके रखना चाहिये l कभी कोई रिश्तेदार गरीब हो जाते है तो उन्हें छोड़ नहीं देना चाहिये l उनके दरवाजे पर अवश्य जाते रहना चाहिये l न मालूम उनसे कब काम पड़ जाय l अपने पुराने सेवक और सुश्रुषा करने वालों से भी सम्बन्ध बनाये रखना चाहिये, इन्हें नहीं छोड़ना चाहिये l जब बहुतेरे रिश्तेदार गरीब हो जाते है, तो लज्जावश नही आते l अपनी तरफ से अवश्य पत्राचार करना चाहिये और उनके सुख-दुःखको पूछना चाहिये l यदि आपसे कुछ हो सके तो उनकी मदद अवश्य करना चाहिये और जो धनी है, सम्पन्न हैं, उनके सुख में हम भले न जाँय पर उनसे सम्बन्ध बनाये रखना चाहिये और उनके दुःख में अवश्य उनके पास जाना चाहिये, रिश्तेदारों को अपने नहीं भूलना चाहिये l किसी कारणवश यदि अपनी वह रिश्तेदारी खत्म हो गयी हो तो फिर से सम्बन्ध बनाना चाहिये और उस कारण को महत्व नहीं देना चाहिये जिसके कारण सम्बन्ध टूटा हो l थोड़े से स्वार्थ के वशीभूत होने के कारण यह सब हो जाता है मगर हमेशा व्यक्ति स्वार्थी नहीं रहता l जब व्यक्ति थोड़ा सा 'स्व-अर्थ' यानि आत्मा में अर्थ रखने लगता है तो यह सब अपने आप ठीक हो जाता है l अपने रिश्तेदारों, सगे-सम्बन्धियो, मेहमानों और बन्धु-बान्धव और सेवा-सुश्रुषा करने वाले जनों में आदर की भावना रखनी चाहिये l यह मैने अपने बूआ से सीखा l
मैंने अपने कुटुम्बियों से सीखा---क्या सीखा ?
'स्त्री जाति को सम्मान देना चाहिये, आदर देना चाहिये, उनसे मातृत्व भावना रखनी चाहिये l कुमारियों में बहन की भावना रखनी चाहिये और बड़ी और वद्धाओं में अपनी आजी की जैसी भावना रखनी चाहिये l अपनी पत्नी को छोड़ सभी स्त्रियों के प्रति पूजनीय मातृत्व भावना रखनी चाहिये l वैसे तो अपनी पत्नी भी आदर और सम्मान की पात्र होती है lअतः पत्नी के प्रति भी पूज्य भावना रखनी चाहिये l कुलीन स्त्रियों को भी यही भावना पर-पुरूषों के प्रति रखनी चाहिये l यदि कुमारी है और मन से भी पुरूष के प्रति कोई भावना होती है तो उस अपराध के लिए गुरूजनों, महापुरूषों का ध्यान करना चाहिये, जिससे यह अपराध क्षम्य हो और वे स्वच्छ, निर्मल कुमारी धर्म को बनाये रखने में सक्षम हों l विवाहित स्त्रियों को भी यही चाहिये कि अपने पतिदेव के सिवा सभी पुरूष मात्र के प्रति पुत्र-भावना रखें l दूसरे पुरूष के प्रति यदि कभी उनका अनुराग मन, वचन और कर्म से होता है तो उस अपराध से मुक्ति पाने के लिए उन्हें गुरूजनों और महापुरूषों का स्मरण करना चाहिये l साथ-साथ ग्लानि भी करें l इससे अपराध क्षमा हो जाता है l जो भगवान क्षमा नहीं करते उसे गुरूजन और महापुरूष क्षमा कर देते है l ऐसा ही पुरूषों को भी चाहिये l कुमार अवस्था में यदि किसी नारी के प्रति अनुराग हो जाता है तो गुरूजनों और महापुरूषों का स्मरण करे, उनके चरणों में जाकर प्रणाम करें तब मन से दुष्टता के अपराध से वे मुक्त हो जाते है l यदि वे विवाहित पुरूष हैं तो उन्हें अपनी धर्मपत्नी के सिवा सभी स्त्रियों के प्रति माता, बहिन, बूआ इत्यादि, जो जिस अवस्था में हैं, उन्हें वैसी दृष्टि से देखना चाहिये l मन, बचन और कर्म से वैसे ही सम्बोधित करना चाहिये l जो पुरूष स्त्री मात्र को माता की निगाह से, बहन की निगाह से, बूआ की निगाह से और आजी की निगाह से देखता है, उस पुरूष के अपराध तत्क्षण समाप्त हो जाते हैं l यदि वह अपने गुरूजनों और महापुरूषों के चरणों में मन से भी अपने अपराधों के प्रति क्षमा मांगता है तब भी उसके अपराध क्षम्य होते हैं l नहीं तो दिन पर दिन इस प्रकार के दुष्कर्म होते रहते हैं और वह पुरूष अपनी आत्मा को पद्दृलित कर देता है, अपनी स्वर्णमयी काया को दूषित कर देता है और उसे जीवन भर नारकीय यातना के समान यातना सहनी पड़ती है l उसे समाज में, सज्जनों के संग में बड़ा ही अपमानित होना पड़ता है, समाज की तरफ से बहिष्कृत होना पड़ता है, और विशेष क्या कहूँ, वह अपने आप पर इतना क्रोध और दुख प्रदशिंत करता रहता है कि रह-रह कर उसकी आत्मा तड़फड़ा जाती है l मनुष्य जाति को चाहिये कि स्त्री जाति को अधिक से अधिक सम्मान दे, इतना कि जितना वे अपने भाई-बन्धु को भी न देते हों l इसलिए नहीं कि वह घर की गृहणी है, इसलिए नहीं कि वह बहन, माता व पत्नी इत्यादि हैं, पर इसलिए कि वह पीयूष की धारा हैं, वह अमृत हैं, पुरूष मात्र को संवारने, सुयोग्य बनाने और तनाव में पड़े हुए को बहुत बड़ा सहारा होती है l वह पृथ्वी स्वरूपा हैं, वसुधा हैं और क्षमा करने वाली हैं l वह बहुत मीठा और स्वादिष्ट क्षीर देने वाली होती है, बल प्रदान करने वाली होती हैं l यही सब गुण मैने अपने कुटुम्बियों से सीखा l
यह मैने अपने गांव के बड़े-बूढ़ों और पुरनियों से सीखा, महाजनों से सीखा कि ''पांव से बहुत चलते रहने पर थकावट होने लगती है, पर जितना कि बैठे-बैठे मन से चलने पर आदमी थक जाता है, उतना वह शारीरिक श्रम से नहीं थकता है l मानसिक श्रम बड़ा ही दुष्कार्य है--शारीरिक श्रम की तुलना में l मन ही शरीर को चलाता है और शरीर के चलने को महसूस भी कराता है l यदि मन खुद ही चलने लगे, तो अपार शक्ति क्षीण होती है l शारीरिक श्रम की तुलना में थकान अधिक महसूस होती है l शरीर से आप जबतक मील भर चलते हैं तबतक मन से लाखों मील का चक्कर लगा आते है l तो आप सोच सकते हैं कि कितना श्रम करना पड़ता है l यही कारण है कि मानसिक स्थिति ठीक न रहने पर जीवन में अस्त-व्यस्तता व्याप्त हो जाती है l इसी मानसिक स्थिति को निग्रहित करने को सभी महाजनों ने बताया है l एक चिन्तित मनुष्य इसी का शिकार रता है और मैने अपने गाँव के बूढ़े-बड़े से सीखा कि यह बौखलाया हुआ मनुष्य कौन है ? जीवन में असफल है, बाबा ! यह नौजवान यही नहीं, कितने ऐसे नौजवान बौखलाये हुए चिन्तित हैं, मानसिकता उन्हें धर दबोची है, अपकृति के पात्र हैं, सुकृति उन्हें सुहाती नहीं l ये वही मनुष्य है जो बौखलाये हुए से रहते हैं, दूसरे के काम बिगाड़ने पर लगे रहते हैं, बुरा-भला की उन्हें पहचान नहीं होगी l ऐसे मनुष्य असफल है, जीवन में उन्हें असफल मनुष्य कहते है और जीवन में उन्हें सफलता नहीं मिली l ये निराश मनुष्य प्राणी हैं l ये जीवन में कभी सफल नहीं हो सकते l'' यह मैने गाँव के बड़े-बूढ़े पुरनियों से सीखा l'' क्योंकि गुरूजन और सज्जन का संग इन्होंने नहीं किया है और न तो करना चाहते है, इसलिए ये असफल हैं और बौखलाये हुए है l
मैने अपने ग्राम के एक गोड़ से सीखा कि 'किया हुआ आचरण-व्यवहार, निकला हुआ बचन और तीर फिर नही लौट कर आते l'
मैने अपने ग्राम के एक पासी से सीखा कि जीवन में सफल मनुष्य का हम सब लोग स्वागत करते हैं l कोई व्यक्ति कितना भी छोटा क्यों न हो, यदि उसने जीवन में सफलता प्राप्त की है तो हम उसका स्वागत करते है l असफल मनुष्य का अपना आचरण भी उसका स्वागत नहीं करता, चाहे वह कितना भी बड़ा राजा, सैनिक, सेठ, नेता या अन्य प्राणी हो l उससे एक से एक गलत एवं अनुचित कार्य होने लगते हैं l यह मैने अपने ग्राम के एक पासी से सीखा जो ताड़-खजूर की गाछ पर चढ़ कर उत्तुंग ऊँचाई से सुगमता से उतर आते है l
मैने अपने ग्राम के सूकू नामक धोबी से सीखा था कि अतिप्रिय मैल, कीचड़ एवं गन्दगी से सने वस्त्रों और उनके अंबार को तिरस्कार की दृष्टि से न देखकर, उनका सम्मान करें और उनकी सफाई करें l उन्हें स्वच्छ एव स्वास्थ्यकर बनाकर दूसरों के मैल ढाँकने, तन ढाँकने, लज्जा ढ़ाकने तथा मलिन वस्त्र धारण करने से उनके मन में उत्पन्न हीन भावना को दूर करने का प्रयास करना चाहिये l हमारा ग्रामीण सूकू धोबी प्राणियों का मैल धोने और उन्हें हीन-भावना के ऊपर उठाने में निपुण था l मैने उस धोबी वन्धु से यह गुण पाया और उससे यह सीखा l
मैने अपने ग्राम के दौलत नाम के हरिजन बन्धु से यह सीखा कि मस्तक का भी वह स्थान नहीं है जो चरण को प्राप्त है l सर्वागों की सुरक्षा हेतु हम चरण को चरण-दासी ( जूता, चप्पल इत्यादि ) की सेवाएँ प्रदान करते हैं, ताकि विवेक से असमंजस की स्थिति टाली जा सके एवं मन, शरीर तथा चित्त स्वास्थ्य लाभ कर सकें l
मैने अपने गाँव के लगन नामक कुम्हार से यह सीखा कि निपुण एवं कर्मशील मनुष्य के हाथ के स्पर्श से मिट्टी सोना के समान मूल्यवान हो जाती है l उस शिल्पी के कुशल हाथों से उसके शिल्प की अनेक कृतियाँ भोजन पकाने के बर्तन से लेकर, सिर ढँकने के खपरैल, जो मकानों पर छज्जा के रूप में लगाये जाते हैं, पूजा के घट-कलश इत्यादि तक गढ़ी जाती हैं l मिट्टी का रूपान्तरण कर अनेक धातुओं के समान बहुमूल्य वस्तुओं के सृजन में प्रवीण एवं शील तथा शालीनता को व्यावहारिक रूप देने वाले उस कुम्हार से मैने यह सीखा कि अपवित्र मिट्टी को छूकर और चक्र पर घुमाकर पवित्र से पवित्र वस्तुओं का निर्माण किया जा सकता है l थोड़े ही काल में 84 लाख योनियों से भी अधिक चक्र घुमाकर वह उस अपवित्र मिट्टी को भी पवित्रकरता है l उसी प्रकार भगवान भी अपने भक्त को करोड़ों योनियों से तत्काल घुमाकर और फिर निकाल कर अपने में मिला लेते हैं l यह मैने अपने ग्राम के उस कुम्हार से सीखा l
मैने शाक-सब्जी बोने वाले और उसके फलने-फूलने की प्रक्रिया में निरन्तर सुधार प्रदान करने वाले अपने ग्राम के भानु नामक एक कोयर ( किसान ) से सीखा कि शाक-सब्जी के अभाव में खाद्य-पदार्थो में रोचकता नहीं होती l इस रोचकता की पूर्ति करने वाले पौष्टिक आहार का उत्पादक वह किसान इन वनस्पतियों को ग्राम और समाज में वितरित करता है और दूसरों को भी पौष्टिकता प्रदान कर उनकी परवरिश करता है और उससे प्राप्त अर्थ से अपने परिवार की भी परवरिश करता है l यह मैने अपने ग्रामीण बन्धु भानु नाम के कोयर ( किसान ) से सीखा l
मैने अपने ग्राम के हिरामन नामक लोहार से यह सीखा था कि केवल लोहासे निर्मित टाँगी या कुल्हाड़ी अकेला काष्ठ या लकड़ी को नहीं काट सकती है l टाँगी, आरी या कुदाल के रूप में लोहा, लकड़ी-काष्ठ की मदद के बगैर लकड़ी-काष्ठ को काटने में समर्थ नहीं हो सकता l लोहा अपने आप कुछ नहीं कर सकता l मैने उस हिरामन नाम के लोहार से यह सीखा l स्वजाति के लोगों और अपनी औलाद के कारण ही मनुष्य को हर जगह असफलता और अपमान के संयोग और वियोग का भूक्त भोगी होना पड़ता है l काष्ठ या लकड़ी को काटने या चीड़ने के लिए काष्ठ का डंडा जब तक नहीं लगेगा, तब तक टांगी उसे नहीं काट या चीड़ सकती l अपने ही बन्धु-बान्धव के कारण मनुष्य को असफलता का मुख देखना पड़ता है l उदाहरण स्वरूप परशुराम के राम होने में या तो उसकी माँ के कारण व्यवधान हुआ या उनका निजी असराहनीय व्यवहार बाधक सिद्ध हुआ l मैने अपने ग्राम के पैरो नामक बढ़ई से सीखा कि कैसे काष्ठ के आकार-प्रकार को देखकर और चित्त मन और मस्तिष्क में वांछित कलाकृतियों की रूप-रेखा की धारणा बनाकर उनको मूर्त रूप दिया जा सकता है l वह सर्व प्रथम अपने मस्तिष्क, मन और चित्त में उन कला-पात्रों की आकृतियाँ उभार लेता था या उसके मन-मस्तिष्क में स्वतः इनकी रूप-रेखा और आकार-प्रकार उभड़ आते थे l तदुपरान्त वह काष्ठ से इन कलात्मक मानचित्रों के अनुरूप चौकी, कुर्सी, मेज, दरवाजे, खिड़की इत्यादि कासृ जन करता था l और भी जैसी आकृतियों का उदय उसके मन में होता था वह उन्हें उस काष्ठ में गढ़लेता था और अपने बाहुबल और मस्तिष्क से सटीक वैसी ही कलाकृतियों का निर्माण कर लेता था l मैने उससे यही सीखा कि चित्त में जिसका उदय होता है, मन द्वारा जो गढ़ा गया है या गढ़ा जा सकता है, उसे अपने बाहरी अनुभव से रूपान्तरित कर देखा जा सकता है और तुरन्त ठोस रूप दिया जा सकता है l यह मैने पैरो नामक उस बढ़ई से सीखा l मैने अपने ग्राम के उस दर्जीसे यह सीखा कि किस प्रकार मन के भीतर उदय हूई वस्त्रों एवं परिधानकी आकृति के अनुरूप कोरे कपड़े से हू-ब-हू वैसे ही वस्त्र इत्यादि तैयार किये जा सकते हैं l वह सादा कपड़े को काट-कुतर कर मन में कल्पित रेखा - चित्र के अनुसार, शरीर में सौंदर्य और शोभा बढ़ाने वाले शरीर के मापदण्ड के अनुसार कुर्ता, कमीज, टोपी इत्यादि विभिन्न प्रकार के चित्ताकर्षक वस्त्र और परिधान तैयार करता था l
उस दर्जी की कार्य-विधि से हमें अपने जीवन में सीख लेनी चाहिए l जिस प्रकार वह दर्जी कोरे वस्त्र के अनावश्यक हिस्सों को काट-कुतर कर सुन्दर परिधान का सृजन करता है, ठीक उसी प्रकार हम लोगों को भी चाहिये कि इन्द्रियों की विषय-वासनाओं को निर्मूल करें, तिरोहित करें और समाज के लिए या अपने लिए जो अभद्र हो, उसे कांट - छाटकर सौंदर्य का रूप दें एवं किसी तरह किसी भी प्रकार की अभद्रता का अकारण कारण न बनें l उस दर्जी के सिले हुए वस्त्र-परिधान की तरह हमारा परिवर्तित चरित्र हमें सभा-सोसायटी, समाज या सज्जनों के बीच जाने के निमित्त उत्साहित करे, ऊँचा उठाये रहे और हमारे जीर्ण - शीर्ण शरीर को सुपुष्ट, बलवान और समर्थ बनाये रखे l
मैने स्वयं आप से ( बताऊ दादा गड़ेरिया ) यह सीखा कि अपनी जीविका के साधन से मनुष्य समाज के लिए कितना उपयोगी हो सकता है और कैसे निष्ठा-पूर्वक उसकी सेवा कर सकता है l गड़ेरिया की भेंड़े अपने मल-मूत्र से खेतों को उर्जा देती हैं, उनकी उर्वराशक्ति में वृद्धि करती है l उनके केशों से कम्बल आदि गर्म ऊनी परिधान, ओढ़ना इत्यादि तैयार किये जाते है जो मनुष्यों के शीतहरण की क्षमता रखते है l वे दूध देती है, आहार देती हैं l इस प्रकार वह मानव को विभिन्न प्रकार से अतिशय सुखी जीवन के साधन और उपकर उपलब्ध कराती है l जिन घासों और खरों को अन्य पशु छूते भी नहीं, उनको चर-खाकर ये भेड़े अपनी उदारता की नैसर्गिक प्रवृत्तिका परिचय देती है l'' ऐसे उपकारी पशु की सेवा-सुश्रुषा करने वाला, उनके संग रहने वाला बताऊ दादा गड़ेरिया स्वयं कितना उपकारी हैं--इसका सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है l मैंने गौर किया कि अपने दैनन्दिन के कार्यो से समय निकाल कर सपत्नीक संतों का संग करना, ईश्वर की आत्मा को ढूंढना---जो महापुरूषों, सन्तों और सज्जनो में पायी जाती है--उनका नित्य का नियम था l भारतीय संस्कृति और सभ्यता के प्रति सतत जागरूकता और दूसरों को इसकी प्रेरणा देना, बताऊ दादा और लौकी आजी के दैनिक जीवन का अभिन्न अंग था l इस प्रकार के कर्तव्य परायण और सर्वगुण सम्पन्न संत बताऊ दादा गड़ेरिया से मैने यह सब बाते सीखीं l मैने उनसे यह सीखा कि उनके आदर्श गुणों और कर्तव्य परायणता को कैसे अपने आचरण-व्यवहार में ढाला जा सकता है l
वे भेड़ों की सेवा करते थे l ऐसे ही सन्त - पुरूष मनुष्य-प्राणियों की सेवा करते है l

अघोर विचार mangaldhanram

मुड़िया साधु तुम्हें संग- दोष के दुर्गुण से भी अपने को बचाना है l दुश्चरित बंधु - बांधवों के साथ सम्पर्क - साहचर्य से जितना बड़ा संगदोष लगता है, उतना ब्रह्राहत्या से भी नहीं लगता l मुड़िया साधु ! यह ध्यान देने की बात है l अंगीकार करने की बात है l स्वीकार करने की बात है, तूँ जहाँ भी रहोगे प्रफुल्लित रहोगे l शोभायमान होगे l संतुष्ट एवं तूफ्त रहोगे l जिन- जिन लोगों को सज्जनों के साथ दुर्व्यवहार करते देखो, सज्जनों को प्रताड़ित करते देखो, उनकी उपेक्षा करते देखो, उनके संग साथ का त्याग करो l ऐसे जन समूह के नगर या ग्राम में रहना अपने में कलुष को जन्म देने सरीखा होता है l उससे अत्यधिक पीड़ा और दुःख का अनुभव होता है l उसे त्याज्य रखना अपने लिये महान पूजा होगी l जहाँ सज्जनों और वृद्ध जनों को सम्मान दिया जाता हो, उन्हें प्रेम और स्नेह दिया जाता हो, आदर दिया जाता हो, जहाँ विद्वानों और संतो को पूजा जाता हो, वह स्थान और वहाँ के नागरिक देवत्व के आचरण से परिपूरित रहते हैं l वहाँ रहना, वहाँ के लोगों से मिलना - जुलना, आदर्श आचरण प्रदान करने वाला होता है l जिस देश में, जिस ग्राम में, जिस घर में, जिस आश्रम में, जब तक वृद्धों और विद्वानों को सम्मान प्राप्त होता रहेगा वहाँ तब तक दुश्चरित्र व्यक्ति प्रवेश नहीं करेंगे और दुर्गुण भी प्रवेश नही करेंगे, तब तक वहाँ दुमुख प्रवेश नहीं करेंगे, वहाँ ईष्या और घृणा भी प्रवेश नहीं करेगी l वह देश, वह ग्राम, वह घर, वह आश्रम, देवत्व की तरह सुमधुर एवं सुखप्रद होगा l दुरात्मा, दुराचारी, कुमारी कन्याओं के प्रति चक्षु दोषी या अन्य महिलाओं के प्रति कुदृष्टि रखने वाले व्यक्ति सर्वथा त्याज्य हैं l वे विष्ठा सदृश हैं l जिस प्रकार तुम प्रातः और सायं अपने मल-मूत्र का त्याग करते हो, ठीक उसी प्रकार ऐसे जन सदैव परित्याग करने योग्य है l साधु 1 मैं उनकी उपेक्षा करने की बात नही कह रहा हूँ l मेरा तात्पर्य यह है कि ऐसे आचरण के लोगों के संग का, साथ का, बातचीत का त्याग करो l ऐसे ब्राह्राण, क्षत्रिय या शूद्र से भी सावधान रहना परमावश्यक है, जो एसे कर्म कर रहें हैं, जिनके अधिकारी वे नहीं हैं l उन्हें शील और कुल की मर्यादा से च्युत समझो l वे लोभ को प्रेरणा देते हैं, प्रलोभन देते हैं l उनका अंत विग्रह उत्पन्न करने वाला होता हैj वे चाहे पदाधिकारी हों, किरानी हों, राजा हों या मंत्री हों, वे अपकीर्ति के जन्मदाता होते हैं l अदर्शनीय होते हैं l सुदर्शनीय तो वे कभी नहीं हो सकते वे ऐसे ही आचरण को आदर्श मान बैठे हैं l जो राष्ट्र का अन्न खाते हैं और समाज का शोषण करते है, जन मानस - पटल को दूषित करते हैं, ऐसे जन चाहे कितने ही बड़े पद पर आसीन क्यों न हों अदर्शनीय हैं l वे राष्ट्र , समाज की जनाकांक्षाओं के शत्रु हैं l वे छल - प्रपंच के सृजनहार होते हैं l साधु प्रकृति के लोगों के लिए ऐसे व्यक्तियों का दर्शन अमान्य है l वे नित्य अपने आप की हिंसा करते हैं l अपने आपको अपने कुकूत्यों के दुष्परिणामों की ओर प्रेरित करते हैं l राष्ट्र और समाज पर अपने कदाचार की छाया छोड़ने का प्रयत्न करते है l अपनी समाधि के लिए, अपने आत्मेश्वर के हित में, ऐसे लोगो का परित्याग बहुत श्रेयस्कर होता है l इनके घर की स्त्रियाँ दुश्चरित्र, मानव - भक्षिणी, अपकीर्ति की जननी होती हैं l वे राष्ट्र की, समाज की, स्वजाति की विकृतियों की निवास स्थान होती हैं l साधु मुड़िया ! नगरों और ग्रामों के अपने परिभ्रमण के क्रम में ऐसी बहुत सी विडम्बनाओं के संबंध में तुमने सुना होगा और यदा - कदा वे तुमको दीखती भी होगी l इनकी संख्या में भयंकर वृद्धि होने वाली है l यह परिणति अपनी दोषपूर्ण शिक्षा या राष्ट्र के अन्न के उपभोग के दोष का परिणाम नहीं है l उच्च पदासीन शासकों की दूषित मनोवृत्तियों से प्रभावित उनके उच्चाधिकारियों की लोलुपता और लोभ के कारण ही यह स्थित उत्पन्न हुयी है l पाप के बाप का ही नाम लोभ है l लोभ असंख्य पापों को जन्म देता हैं l

Wednesday, August 11, 2010

mangaldhanram

परम पूज्य अघोरेश्वर :-
आप जानते है, हर बनाई हुई वस्तु बिगड़ती है l जिस दिन मनुष्य का जन्म होता है, उसी दिन उसकी मृत्यु भी निश्चित हो जाती है l अतः मानव जीवन को सार्थक बनाना है l हमारे देश में भी बाहरी आत्माएँ हैं, दुस्सह आत्माएँ हैं, जिनकी शक्ल इन्सान की है किन्तु काम शैतान का है l हमारे व्यक्तिगत जीवन में ऐसे शैतानों के लिए कटुता का भाव नहीं है l इन्सानों के प्रति आदर का भाव तो है ही l इन्सान ही इन्सान की सेवा करता है l उन साधुओं को भी सोचना चाहिए कि उनका कर्तव्य, उनका धर्म गंगा तट पर बैठकर माला फेरने तक ही सीमित नहीं है l उनमें वास्तविक कर्तव्य की चेतना का नितान्त अभाव है l
मनुष्य धन, बल, विद्या से नहीं मानवता के मापदण्ड से आंका जाता है l जहाँ मनुष्यता का अभाव है, वहाँ या तो पशु या निशाचर निवास करते हैं l निशाचरी आचरण करने वाले मनुष्य, जो इस आचरण के साथ देश, समाज और कुलीन लोगों को धोखा देना अपना कर्तव्य समझते हैं, नाम--मात्र के मनुष्य हैं l वस्तुतः वे पशु से भी बदतर हैं l जो क्रूर हैं, निर्मम हैं, ब्यापारी हैं, वे कुलीन लोगों को धोखा देने में जरा भी शर्म नहीं मानते, उन्हें तुच्छ समझना चाहिए, चाहे वे कितने ही बड़े बलवान, बुद्धिमान और धनवान क्यों न हों l शास्त्रों में कहा गया है, मानव पर्वत को तोड़ सकता है, समुद्र को सोख सकता है, पर अपने मन में पड़ी कुप्रथाओं के दुष्प्रभाव को नहीं मिटा सकता l मानवता विहीन ऐसे मनुष्य चलती--फिरती कब्र हैं l वे इन्सान के रूप में हैवान हैं l इनसे बचें और अपने निश्चय में दृढ़ विश्वास करें l
अपने मित्रों और सहयोगियों को पहचानना चाहिए और उनके साथ अच्छा व्यवहार करना चाहिए l
आप देखते हैं, जब एक मामूली आदमी भी चलते--फिरते हमें एक बीड़ी, सुर्ती दे देता है, तब हम राम--राम कहकर उसके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हैं l जब मनुष्य एक साथ खाते--पीते, रहते हैं, पर वास्तविकता के साथ पाला पड़ने पर, पैसे के पीछे भागते हैं, तो क्षण भर के लिए भी ऐसे मनुष्य का साथ दुःखद है l
कठिनाइयाँ, परेशानियाँ मनुष्य के जीवन को नया मोड़, नयी दिशा देती है l इसलिए डटकर अपनी कठिनाइयों का मुकाबला करना चाहिए l यदि रंचमात्र भी पांव हटायेंगे तो, जो उचित निर्भीकता का मार्ग हमें प्राप्त होने वाला है, वह सुलभ नहीं हो सकेगा l थोड़े से व्यक्ति ही राष्ट्रमें एक विशिष्ट वातावरण का सृजन कर सकते हैं l
यदि हम अपने थोड़े से ही सदस्यों को, देश को, उच्चकोटि के विचारक के रूप में दें, तो यही हमारे लिए पर्याप्त योगदान होगा और हम इस अत्याचार के निवारण हेतु कुछ कर सकते हैं l
हम राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरित हो, राष्ट्र के हित में कुछ कर डालें l इसी प्रकार "एकोsहम् द्धितीयो नास्ति" जो वेद वाक्य है, उसकी गति मति को समझ और पकड़ सकते हैं l अपने समाज और राष्ट्र के लिए बहुत कुछ कर सकते हैं l

• बिना सोचे-बिचारे कोई निर्ण्य लेना मनुष्यकी अपनी कमजोरी है l
• आदतकी दवा मौत है l अभ्याससे आदतका निर्माण होता है आदत धर्म का रूप लेती है l धर्मका नाश नहीं होता l जो आदत धर्मका रूप नहीं लेती उसका नाश शरीरके साथ ही होता है उससे पहले नहीं

• तेरी जिन्दगीमें केवल चार बातें हैं और यह भी जरूरी नही कि तू चारोंको याद कर l यदि तुझे खुशनसीब होकर जीना है तो दो बातें---यानी भलाई, जो तूने किसीके साथकी हो और बुराई जो किसी दूसरेने तेरे साथ की हो---दोनोंको हमेशा-हमेशाके लिए भूल जा और दो बातें-पहली मालिक और दूसरी मौतको सर्वदा याद रख l
• जो बहुत सिद्धान्तकी बात करता है, जो बहुतसे धर्म-शास्त्र पढ़ता है, जो बहुत कुछ जानता है, पर उन सबपर अमल नहीं करता, वह, उस निर्धनके समान है जो दूसरोंका धन गिन कर स्वयं धनी होनेका अहंकार करता है l
• धर्म-द्रोहीका मन मुर्दा, पापीका मन रोगी, लोभी व स्वार्थीका मन आलसी तथा भजन साधनमें तत्पर व्यक्तिका मन स्वस्थ होता है l हे मानव ! यदि तू अपने स्वास्थ्यको जीवन भर कायम रखना चाहता है तो अधर्म, द्रोह, पाप एवं लोभसे अपने आपको मुक्त कर ले l यही संसार तुझे प्रकाशयुक्त लगेगा और तू इस प्रकाशसे अपना ही नहीं, अपने सम्पूर्ण समाजके स्वास्थ्यकी रछा कर सकता है l
• सोये हुये को जगा सकते हैं, काछे हुये को नहीं l

Saturday, August 7, 2010

जिस राष्ट्र में साधु नहीं होते, वह राष्ट्र मृतक के समान है l

mangaldhanram



· क्रियाशीलता गतिमान करती है, निष्क्रियता अनैतिकता की जननी है l
· लक्ष्यहीन मनुष्य अपनी लाश को ढोता है l
· चलने से पहले ही, रास्ता बन जाता है l
· सम्पत्ति की शोभा सहयोग में है l
· आत्मा को समझने वाला, दुःखी नहीं होता l
· किसी कीमत पर महापुरूषों का साथ न छोड़ो lबिना जरूरत भी, सम्पर्क कायम रखो l
· गलत काम का विरोध, सही ढंग से करो l
· अधिक बातें करना, दुर्बलता है l
· दूसरों में दोष देखना ही अपनी कमजोरी है l
· प्रेम मनुष्य को पुष्पित करता है l
· मनुष्य का अतृप्त जीवन, हर क्षेत्र में कंकाल बनाये रखता है l
· स्वभाव से आदर्श कर्म के प्रति जो मनुष्य लगे हैं, उनसे तू कुछ सीख l
· सच्चा गुरू वही अभ्यन्तर है, जिसने प्रेरणा करके दिग्दर्शन कराया l
· नत मस्तक, गर्व वहन करते हैं l
· कलह का गृह, पिशाच का गृह होता है l
· अभाव का अवशेष ही, तो पूर्ण भाव रूप है l


'असंतुलित विकास, मानव मूल्यों में गिरावट के कारण है l मानवीय मूल्य प्राकृतिक गुण हैं,
विचार महान शक्ति है। दुनिया के सभी आविष्कार में इष्टतम गहन सोच रही है,
मानव समाज तेजी से विकास कर रहा है और इसकी सामग्री प्रगति के चरम पर शायद है. फिर भी आज खुश नहीं है,. क्या आपने कभी इस स्थिति के पीछे कारण पर सोचा ?